मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


डाक टिकटों के संसार में कचनार
पूर्णिमा वर्मन

प्रशांत महासागर में चार द्वीपों का एक देश है जिसे पिटकर्न आईलैंड के नाम से जाना जाता है। पत्तियों पर चित्रकारी यहाँ का परंपरिक लोक हस्त शिल्प है। इस शिल्प में जिन पत्तों का प्रयोग किया जाता है उसमें कचनार की एक प्रजाति बुहेनिया मोनान्ड्रा प्रमुख है।

इस देश द्वारा 18 अगस्त 2003 को जारी किए गए, देश की लोक कला को समर्पित पाँच टिकटों के इस समूह में तीन ऐसे वृक्षों को चित्रित किया गया है जिनकी पत्तियाँ चित्रकारी के काम आती हैं। इनमें बाईं ओर कचनार के गुलाबी फूल और द्विदलीय पत्तियों से पहचाने जा सकते हैं। चित्र में इनमें पत्तियों के साफ़ करने और उन पर चित्रकारी करने की प्रक्रिया को दिखाया गया है जबकि टिकटों के साथ छपे हाशिए पर इसे विस्तार से लिखा भी गया है। (यह हाशिया यहाँ दिखाई नहीं दे रहा है।) टिकटों पर इस कला में दक्ष कुछ महिला कलाकारों को भी दिखाया गया है। १.५० डॉलर वाले टिकट पर बरनिस का चित्र है जिनका देहांत १९९३ में ९४ वर्ष की आयु में हुआ था और जो अपने अंतिम समय तक कलाकृतियाँ बनाती रहीं थीं। ३ डॉलर वाले टिकट पर उनकी बेटी कार्लो क्रिश्चियन हैं। कार्लो ने यह कला आपनी बेटी कैरोल और नातिनों डार्लिन और चार्लिन को सिखाई। ८० सेंट के टिकटों पर कैरोल तथा  सेंट के टिकट पर  डार्लिन और चार्लिन के चित्र हैं। 

कचनार पिटकर्न द्वीप की संस्कृति का अभिन्न अंग है। इसके पेड़ यहाँ बहुतायत से मिलते हैं। यहाँ उत्पन्न होने वाली एक और प्रजाति बुहेनिया वेरियागाटा का तना मज़बूत होता है, घनी शाखाएँ फूल और पत्तियों को इस प्रकार सहारा देती हैं कि यह एक सुंदर छायादार वृक्ष दिखाई देता है। १९८३ में इस देश  के डाक विभाग ने अपने देश के महत्वपूर्ण वृक्षों को प्रदर्शित करने वाले टिकटों की एक शृंखला जारी की जिसमें कचनार की इस प्रजाति एक पेड़ दिखाया गया है। ३५ सेंट के इस टिकट में बाईं ओर ऊपर के कोने पर इसका स्थानीय नाम हैटी ट्री भी लिखा गया है।

इसी अवसर पर जारी एक और टिकट में कचनार की इसी प्रजाति  बोहेनिया वेरियागाटा का एक और रूप चित्रित किया गया है। इस प्रजाति के कचनार पत्तों पर भी इस देश की बहुचर्चित लोककला अंकित की जाती है। टिकट पर इस कला से अंकित दो पत्ते भी दिखाए गए हैं। ऊपर की ओर बीच में महीन अक्षरों में हैटी ट्री और बोहेनिया वैरिगाटा भी लिखा गया है।

 

इसी देश के गुलाबी रंग के एक और सुंदर चौकोर टिकट पर कचनार की ही एक प्रजाति बुहेनिया मोनान्ड्रा के एक फूल को प्रदर्शित किया गया है। १० डॉलर मूल्य के इस टिकट पर बायीं और ऊपर देश का नाम है दाहिनी ओर ब्रिटिश साम्राज्य का ताज दिखाई दे रहा है और नीचे की ओर बाएँ कोने पर हैटी ट्री लिखा गया है।

१९९५में प्रकाशित थाईलैंड के एक टिकट में कचनार के सफ़ेद रंग के छोटे फूलों वाली एक जाति बुहेनिया एक्युमिनाटा को चित्रित किया गया है। २ बहत के हरे रंग के इस सुंदर चित्र में दाहिनी ओर ऊपर प्रकाशन तिथि को अंग्रेज़ी और थाईलैंड की भाषा में लिखा गया है। नीचे दाहिनी ओर देश का नाम दोनों भाषाओं में है।

पृष्ठ- . .

आगे-

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।