|

"नहीं, अभी मैं बैठूँगी
पीको मशीन पर. . ."
नंदिता ने लाल निशान लगा दिया। लाल निशान यानि दोपहर को २
बजे इन कपड़ों की चेकिंग फिर से करनी है।
"निशा महाजन का सूट?"
"कुर्ता मेहरून प्रेस कर रही है। सलवार और चुन्नी पैक हो
गए।"
"रीना की फ्रॉक पैक हो गई?"
"पैक हो गई।"
नंदिता ने लिफ़ाफ़े को ठीक से जाँचा। रसीद पर से कपड़े और
डिज़ायन का मिलान किया और लिफ़ाफ़े को स्टैपलर से बंद करते
हुए रसीद की गुलाबी चिट को उसके साथ नत्थी करके डिलवरी वाले
शेल्फ़ में रख दिया।
"याद है फॉल और पीको की सैंतीस साड़ियाँ हैं? शाम पाँच बजे
से पहले पैक हो जानी चाहिए।"
"हाँ, मैं अभी देखती हूँ मैचिंग धागे, आप फ़िक्र न करें, एक
घंटे में काम पूरा कर दूँगी। फॉल सबमें लग कर आ गए हैं।"
सुधा ने कहा और नंदिता ने सैंतीस साड़ियों वाली लिस्ट को
पीछे कर दिया।
रोज़ यह काम नंदिता खुद करती है। आज काम एक घंटा पहले शुरू
हो गया है। कल शोरूम बंद करते-करते रात के बारह बज गए थे।
बाज़ार में खूब चहल-पहल थी। नंदिता को सोते-सोते एक बज गए।
हर बार होली दिवाली पर ऐसा ही होता है। काम की बाढ, कारीगरों
के लिए पैसे बनाने का समय और नंदिता के लिए?
"नमस्ते दीदी, दीपावली शुभ हो!" साबरी जल्दी-जल्दी अपना
बुर्का लपेटने लगी,
"नमस्ते, तुम्हें भी दिवाली मुबारक। आज काम ज़्यादा है और
तुम अभी आ रही हो?"
"हाँ दीदी, कल राशन की दूकान से चीनी मिल गई थी सोचा इसके
बदले में चीनी के खिलौने ख़रीद लूँ। दूकान पर काफ़ी भीड़ थी
सो पहली बस छूट गई। लेट मत लगाना दीदी।"
"ठीक है।" नंदिता ने कहा, "मालूम है ना कि छुट्टी के बाद
वाले दिन के कपड़े भी आज ही तैयार हो जाने हैं।"
"हाँ दीदी, अभी निपटा देती हूँ," कह कर साबरी जल्दी-जल्दी
अंदर गई पर सुधा को चाय भेजने का इशारा करती गई।
सुधा चाय वाले को फ़ोन करने लगी तो नंदिता ने डायरी में देखा
कि आज कुल तैंतालीस पैकेट दिए जाने हैं, पूरी शेल्फ़ खाली हो
जानी चाहिए। छुट्टी के बाद जब बुटीक खुलेगा तब कपड़ों और
गोटा किनारियों का एक बड़ा बिल चुकता करना होगा। वह जानती है
कि आज कोई कारीगर शाम पाँच बजे के बाद नहीं रुकेगा। सब कुछ
जल्दी से जल्दी पूरा हो जाए इसीलिए सबको सुबह आठ बजे बुला
लिया गया था।
आम दिनों में वर्कशॉप का काम नौ बजे शुरू होता है पर आज का
दिन विशेष है। सबको दिवाली के कपड़े चाहिए। उसके नियमित
ग्राहक जो आख़िरी मौके पर कपड़े लाते हैं उन्हें भी कपड़े
समय पर ही तैयार कर के देने होते हैं। जो कपड़े देते समय
विनम्रता की प्रतिमूर्ति बन जाते हैं वही अगर समय पर कपड़ा
तैयार न हो तो कितना भयंकर रूप धारण करते हैं यह नंदिता ठीक
से जानती है। वह थोड़ा पहले आ जाती तो अभी तक कुछ ज़्यादा
काम हो गया होता पर हो नहीं सका। बेटी को उठा कर तैयार करते,
नाश्ता कराते और उसे माँ के घर छोड़ कर आते वही समय हो गया।
फिर बाहर निकलते ही पड़ोस की भटनागर आँटी ने टोक दिया, "बेटा
घर की चाबी दे कर जाना। पता नहीं आज लौटते समय तुम्हें कितनी
देर हो जाए।"
पाँच मिनट और लग गए उसे दूसरी चाभी ढूँढ़ते।
उसे बिट्टू पर दया भी आती
है। बेचारी माँ के घर सो गई थी। उसे सोते में उठा कर घर लाई।
रास्ते में बिट्टू सोती-जागती रही। घर में बारह बजे सुलाया
और सुबह सात बजे ही उठा दिया। बिट्टू भी इस जीवन की आदी हो
गई है पर फिर भी कभी-कभी अनमनी-सी हो जाती है।
राजीव त्रिवेदी यानि, नंदिता का पति दौरे पर है। वह आज लौटने
वाला है, पर किस समय आ रहा है इसका पता नंदिता को नहीं है।
शायद वह सीधे बुटीक पर आ जाए। भगवान करे आ जाए नंदिता ने
सोचा। कारीगरों के ओवर टाइम का भुगतान आज ही करना होगा। यह
एक मुसीबत वाला काम है, क्योंकि इस बार दिवाली के साथ ही
पगार का दिन भी है। तेरह कारीगरों की उपस्थिति का हिसाब रखते
हुए पगार का हिसाब करना, ओवर टाइम और घर पर ले जाकर तैयार
किए गए कपड़ों के हिसाब में उसको जोड़ना और कारीगरों को ठीक
से सारे हिसाब समझा कर पैसा देना एक बड़ी मुश्किल है। हमेशा
झिकझिक हो जाती है। आज सुबह जल्दी उठकर उसने सब हिसाब जोड़
कर अलग-अलग लिफ़ाफ़े बनाए हैं। सबमें उनकी उपस्थितियों का
ब्यौरा और ओवर टाइम अलग काग़ज़ पर ठीक से लिख कर रखा है फिर
भी तेरह कारीगरों का एक साथ सामना करना मज़ाक नहीं, और आज तो
सबको दीपावली के उपहार भी देने होंगे। स्टील के थाल और मिठाई
के डब्बे।
नंदिता को याद आ गया,
"सुधा, बद्रीनाथ रामप्रसाद के यहाँ से थाल आ गए?"
"जी दीदी, रसीद ऊपर वाली दराज में रखी है।"
"थाल कहाँ रखे?"
"सबके अलग-अलग साइज़ के हैं न इसलिए मैंने कबर्ड में ताला
लगा कर रखे हैं। वर्ना सब शिकायत करने लग जाएँगे।"
"और मिठाई के डब्बे?"
"चंद्रकला स्वीट हाऊस वाले खुद ले कर आएँगे दोपहर में दो
बजे। पैसे मैंने दे दिए हैं। उसकी रसीद भी वहीं है।" सुधा ने
जवाब दिया।
"दीदी बिट्टू की फ्रॉक इस डिब्बे में पैक कर के रखी है। घर
जाते समय याद से ले जाइएगा। आपका ब्लाउज़ भी साथ में है।
साड़ी फॉल लग कर आ गई है पिको कर के सालिहा अभी साथ में पैक
कर देगी।" सुधा ने कहा।
"तुम्हारा सूट तो सिल गया न सुधा?"
"हाँ दीदी, इस बार तो १५ दिन पहले सिलवा कर रखा है। वर्ना
आख़िरी समय पर कस्टमर का काम करें या अपना।"
"अच्छा किया सुधा।" नंदिता ने कहा।
दस बज चुके थे चाय वाला दो बड़े छींकों में गिलास फँसा कर
गरम-गरम चाय ले आया। नंदिता ने साथ पड़े ऊँचे स्टूल पर बैठ
कर आज दिए जाने वाले कपड़ों की सूची को चाय के साथ आगे
बढ़ाया ही था कि हिंजड़ों का एक झुंड शोर मचाता हुआ शापिंग
प्लाज़ा में आ गया।
'सज रही गली मेरी अम्मा चुनर गोटे में'
यह तीज-त्योहारों पर सदा की रीत है। आजकल ये लोग भी फ़िल्मी
गीतों के प्रेमी हो गए हैं। पिछली बार यही बात उसने एक
हिजड़े से कह दी थी तो सजा-सजाया वह मटक कर बोला था, "अए
बीबी ऐसा न कहो सच तो ऐ है कि फ़िलम वाले लोग हमारे गानों से
कमाई कर रहे हैं।"
गाना किसका है यह तर्क़ की
बात हो सकती है पर बोल सच हैं। इंदिरानगर की इस चौड़ी सड़क
के दोनों फुटपाथ चुनरी और गोटे से सजी दूकानों से पट गए हैं।
इन अस्थाई दूकानों की शोभा देखते ही बनती है। दूकानों पर
लक्ष्मी-गणेश हैं। मिट्टी के खिलौने हैं, पटाके फुलझड़ियाँ
हैं, बिजली की झालरें हैं, चमचमाते हुए पीतल और स्टील के
बरतन हैं, लावा-लाई और मीठे खिलौने हैं, सजावटी सामान हैं और
पूजा के सामान भी। लोगों की भीड़ है और ग्रामोफ़ोन रेकार्डों
का शोर, जो धनतेरस से ही शुरू हो जाता है। मिठाई की दूकानों
ने खूब आगे तक सीढ़ीनुमा आधार बना कर मिठाइयाँ सजा रखी हैं।
जबतक नंदिता ने शोरूम नहीं खोला था नंदिता भी इनका हिस्सा
थी। बिट्टू की उँगली पकड़ कर हर रोज़ यहाँ घूमती थी त्योहार
में। भले ही ख़रीदारी इतनी नहीं करती थी। पर अब?
राजीव दौरे पर, बिट्टू माँ के यहाँ, वह शो रूम में। किस्तों
पर है यह शोरूम। शॉपिंग प्लाज़ा नाम की इस तीन मंज़िली इमारत
में बेसमेंट भी है। नंदिता का शोरूम बेसमेंट में है। घर और
दूकान दोनों ठीक से चलें इसके लिए तीसरी मंज़िल पर एक फ्लैट
भी बुक किया है। सब कुछ किस्तों में। एक दिन अपना हो जाएगा
इसकी प्रतीक्षा में। कभी-कभी ऐसे अवसरों पर नंदिता को लगता
है कि इतना समय और इतनी मेहनत का क्या सचमुच कोई फ़ायदा है?
हिजड़ों की टोली 'संस्कृति'
तक पहुँच गई। वे दिवाली गाने लगे थे
'आए राम अवध में दिवाली मची. . .
इंदिरा नगर में दिवाली मची'
उनमें से एक ने अपना मुँह ऊपर उठाया बुटीक का बोर्ड पढ़ा और
नई पंक्ति रच दी-
'लौटे राम अवध में
संस्कृति में दिवाली मची'
नंदिता मुस्करा दी और हमेशा की तरह दस रुपए का नोट उनकी तरफ़
बढ़ा दिया था। उनमें एक बलाएँ लेते हुए उँगलियों को कान पर
मोड़ते हुए बोला, "नज़र न लगे क्या मुस्कान है। अब तो काम
बढ़ गया है, दो-दो दुकानें कर ली हैं दुआएँ लो बिटिया दुआएँ,
काम और बढ़ता जाएगा। इस बार सौ रुपये से कम नहीं लेंगे।
राजीव इन सबको समझाने बुझाने में होशियार है पर नंदिता के बस
का यह सब नहीं, उसने चुपचाप सौ का नोट निकाला और उनके हवाले
कर दिया। गल्ले में नोट हैं, पर शाम तक देने वाले कपड़ों और
अगले हफ़्ते जिन बड़े भुगतानों को किया जाना है, उनके विषय
में सोच कर नंदिता अव्यवस्थित-सी है।
राजीव की नौकरी अच्छी है पर प्राइवेट नौकरियों में सुरक्षा
का क्या भरोसा? तीन साल पहले एक ही साल में राजीव को चार
नौकरियाँ बदलनी पड़ीं थीं। उसी साल घबरा कर यह बुटीक खोल
दिया था। छे महीने बाद जा कर कहीं उसे अपनी पसंद की नौकरी
मिल सकी थी। तबसे संस्कृति नंदिता के जीवन का हिस्सा बन गया
है। पास में ही बिट्टू का स्कूल है। वह काफ़ी सहूलियत वाली
बात है।
रमा का फ़ोन आया,
"मेरे लहंगे वाला ब्लाउज़ तैयार कर दिया? शाम को क्लार्क अवध
में गाला इवनिंग में वो ही पहनना है। सोचा फ़ोन कर के पूछ
लूँ अगर सीधे पहुँची और तैयार न हुआ तो बड़ा समय बरबाद हो
जाएगा। तेरे यहाँ तो भीड़ पटी होगी इस समय?"
"इस समय तो नहीं है रमा पर दो घंटे बाद शुरू हो जाएगी तू आजा
अपने कपड़े लेने। नया ज़रदोज़ी वाला सूट भी तैयार हो गया है
साथ में।"
"नहीं, मैं तो नहीं आ सकती अभी मेंहदी लगा रही हूँ । ड्राइवर
को भेजूँगी, तू सूट दे देना पैसे बाद में दूँगी। तुझे मेंहदी
लगाना है तो साथ में ही आ जाना, सारे दिन के लिए बुक किया है
मेंहदी वाली को।"
"अभी आज के दिन कैसे आऊँगी रमा। फिर कभी मिलूँगी। दीपावली
शुभ हो और शाम की गाला ईवनिंग भी।" कह कर नंदिता ने फ़ोन बंद
किया।
पिछले दो साल में मेंहदी-वेंहदी के सब शौक ख़तम हो गए है
नंदिता के। बँध कर रह गई है इस काम से। शो रूम दस बजे खुलता
है पर वर्कशॉप में काम सुबह नौ बजे शुरू हो जाता है, इसलिए
नंदिता को भी सुबह नौ बजे से पहले यहाँ पहुँच जाना होता है।
शाम को पाँच बजे कारीगरों के चले जाने पर वर्कशॉप तो बंद हो
जाती है मगर शो रूम रात के नौ तक खुला रहता है। इस तरह सुबह
नौ बजे से रात के नौ बजे तक पूरी बारह घंटे की लगातार ड्यूटी
है उसकी। यही नहीं ड्यूटी शुरू करने से पहले और ख़तम करने के
बाद भी हज़ारों काम होते हैं। राजीव दौरे पर हो तो उससे भी
ज़्यादा। सुबह मोटर पंप चला कर ऊपर की टंकी में पानी भरना,
खाना पकाना, रसोई साफ़ करना और एक घंटे बाद मोटर के स्विच को
बंद करना। एक दिन तो पंप का स्विच चालू कर के उसे बंद करना
ही भूल गई थी। पड़ोस से भटनागर आँटी का फ़ोन आया, ''नंदिता
घर की चाभी देकर जाया करो, पंप बंद करना भूल गई हो पानी ऊपर
से सड़क पर गिर रहा है।''
भटनागर आँटी के भाई का ही
घर है जिसमें वह रहती है किराए पर। एक हिस्से में वह रहती है
और एक हिस्सा बंद रहता है जब भटनागर आँटी के भाई-भाभी आते
हैं तब उसी में रहते हैं। सुबह काम कर के जाने वाली मेहरी
नंदिता के पास पिछले तीन महीने से नहीं है। सामने के बरामदे
तक में झाड़ू लगाने का समय नहीं मिल रहा। पिछले छे दिन से
राजीव भी दौरे पर है, सोचा था कि नरक चौदस पर ज़रूर झाड़ू
लगा देगी पर आज सुबह तक धूल भरी थी वहाँ। लॉन की घास अच्छी
हरी हो रही है पर उसके सामने भी आँगन जैसे हिस्से पर धूल-धक्कड़
ही पड़ा था सुबह। सालिहा को भेज सकती है बाहर की सफ़ाई के
लिए पर आज तो काम इतना है कि. . .
काउंटर पर ग्राहक आने लगे हैं। पैकेट तैयार रखे हैं नंदिता
पकड़ाती जा रही है। गल्ले की दराज़ में नोट इकठ्ठे हो रहे
हैं। अंदाज़न साढ़े पाँच हज़ार तक का भुगतान होना है अगले
हफ़्ते। नंदिता को अंदाज़ हो रहा है कि तीन हज़ार तक जमा हो
चुके होंगे। ग्राहकों की भीड़ है, महिलाओं और बच्चों का
हुजूम है, सबके परिवार साथ में हैं, हाथ में मिठाइयों के
डब्बे हैं, उपहारों के पैकेट हैं, त्योहार की सुगबुगाहट है,
बच्चों की फ़रमाइशें हैं और हर तरफ़ से बिखरती हुई
शुभकामनाएँ-
''शुभ दीपावली शुभ दीपावली!!''
"धन्यवाद, आपको भी. . ."
इन सबके साथ जारी हैं ट्रायल रूम में फिटिंग की शिकायत "यहाँ
पर जो सिलवट आ रही है हटाया नहीं जा सकता इसे?"
"ज़रूर, अभी हो जाएगा।"
नंदिता ने पिन लगा कर सिलवट वाली जगह पर निशान डाला और सुधा
को समझाया कि इसे कैसे दूर किया जाय। सुधा कुर्ता ले कर अंदर
गई। नंदिता फिर काउंटर पर हाज़िर हो गई बड़ी भीड़ के सामने।
सुधा ट्रायल रूम वाली ग्राहक को समझाने लगी कि परिधान सुधार
कर हाज़िर करने में कुछ समय लगेगा, तब तक इंतज़ार करना होगा।
ट्रायल रूम वाली ग्राहक बात समझ कर अगली दूकान पर समय बिताने
चल दी। |