मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


इतिहास


 
१८५७ की क्रांति : एक सुनियोजित स्वातन्त्रता संग्राम
- रवि कुमार


भारत की स्वतंत्रता की चर्चा जब होती है तो ध्यान आता है उन क्रान्तिकारियों का, जिन्होंने स्वतंत्रता की बलिवेदी पर अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। हम सब ये भी नहीं जानते होंगे कि भारत की स्वतंत्रता के लिए एक ७ वर्ष की आयु के रघुनाथ पांडुरंग (१९४६, महाराष्ट्र) नामक बालक ने, १३ वर्ष की आयु में मैना (१८५७, ग्वालियर) नामक बालिका ने, १२ वर्ष की आयु में बिशन सिंह कूका (१८७२, मलेरकोटला-पंजाब) नामक बालक ने भी अपना बलिदान दिया था। इन क्रांतिकारियों के बलिदान की एक गाथा है १८५७ की, जिसे स्वतंत्रता संग्राम का पहला बड़ा देशव्यापी प्रयास कहा जाता है।

१८५७ की क्रांति के विषय में पाठ्यपुस्तकों में कितना पढ़ाया जाता है? आठवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान की पुस्तक में एक पाठ आता था। १८५७ की क्रांति क्यों हुई, उसकी प्रमुख घटनाएँ, उसमें किस-किस ने भाग लिया और उसकी विफलता के कारण। इतनी बड़ी क्रांति और बस चार बातें! इतिहास में तो यह कहकर इस विषय को छुपाया गया कि यह एक सैनिक विद्रोह मात्र था। आइए जानते हैं कि १८५७ क्रांति क्या थी?

१८५७ की क्रांति का बीजारोपण १८५४ में होता है। रंगों बापूजी गुप्ते महाराष्ट्र में सतारा के राजा प्रताप सिंह के कार्य से और अजीमुल्ला खां नाना साहब पेशवा के वकील उनके राज्य के कार्य से लंदन गए हुए थे। वहाँ पर रंगों बापूजी गुप्ते और अजीमुल्ला खां इन दोनों की भेंट होती है और इस क्रांति का बीजारोपण दोनों की वार्ता में होता है। वापिस भारत आकर दोनों अपने राजाओं से चर्चा करते हैं और यह चर्चा उस समय के उन अनेक राजाओं के साथ भी होती है जो चाहते थे कि भारत स्वतंत्र होना चाहिए। कानपुर के निकट गंगा नदी के किनारे बिठूर के राजमहल (ब्रह्मावर्त घाट) में नाना साहब पेशवा, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मी बाई, रंगोंजी बापू, अजीमुल्ला खां आदि अनेक क्रांतिकारी एक मास तक बैठकर क्रांति की योजना बनाते हैं। १८५६ के प्रारम्भ में एक गुप्त रूप से युद्ध संगठन की योजना रचना होती है और देशभर में इस गुप्त संगठन की अनेक शाखाएँ खोली जाती हैं। नाना साहब पेशवा के बिठूर (ब्रह्मावर्त) का राजमहल और बहादुरशाह जफर के दिल्ली का दीवाने-ए-आम में क्रांति युद्ध की चर्चाएँ अग्नि की ज्वालाओं की तरह धधकने लगती हैं।

एक साथ पूरे देश में क्रांति का दिवस ३१ मई १८५७ निश्चित हुआ। यही दिन क्यों चयन हुआ? मई मास में ग्रीष्म ऋतु रहती है। अधिकांश अंग्रेज अधिकारी उस समय पर्वतीय क्षेत्र में चले जाते हैं। इस समय युद्ध होगा तो अंग्रेज अधिकारी युद्ध में लम्बे समय तक टिक नहीं पाएँगे। ३१ मई १८५७ को रविवार था। रविवार को सैनिक छावनियों में अवकाश रहता है। रविवार के दिन एक साथ क्रांति होगी तो सेना को सम्भलने में समय लगेगा। हमें ज्ञात है कि मार्च १८५७ बैरकपुर छावनी (बंगाल) में दो अंग्रेज अधिकारियों को गोली मारकर मृत्युदंड देने के कारण मंगल पाण्डेय को अप्रैल १८५७ में फाँसी दी गई थी और १० मई १८५७ को मेरठ छावनी के भारतीय सैनिकों ने क्रांति प्रारम्भ कर दी थी। परन्तु पूर्व निश्चित दिवस ३१ मई १८५७ ही था।

पूरे देश में एक साथ क्रांति होनी है तो सब स्थानों पर सूचना कैसे होगी? इसके लिए चार माध्यमों का विचार किया गया। पहला रक्त कमल। रक्त कमल प्रत्येक छावनी में गुप्त रूप से जाता था और वहाँ के भारतीय सैनिक जो क्रांति में भाग लेना चाहते थे, उस रक्त कमल को छू लेते थे और क्रांति में भाग लेने का संकल्प लेते थे। दूसरा माध्यम था रोटी - पूरे गाँव के सामने गाँव का मुखिया एक रोटी जो दूसरे गाँव से बन कर आई हुई होती थी, खा लेता था और पूरा गाँव संकल्प लेता था कि क्रांति में हमने भाग लेना है। फिर उस गाँव के प्रत्येक घर से आटा लेकर एक रोटी बनती थी, वह रोटी अगले गाँव तक जाती थी। यह इस बात का संकेत होता था कि पिछले गाँव ने भी क्रांति में भाग लेने का संकल्प लिया है। तीसरा माध्यम, १८५४-५७ के मध्य जितने भी कुम्भ-अर्धकुंभ-मेले आदि भरे गए, नाना साहब पेशवा के नेतृत्व व मार्गदर्शन में वहाँ आए हुए लोगों से संकल्प दिलाया जाता था कि ३१ मई १८५७ को देश की स्वतंत्रता के लिए क्रांति में भाग लेना है। और चौथा, देशभर के विभिन्न राजाओं से मंत्रणा कर उन्हें क्रांति में भाग लेने की सहमति का कार्य भी नानासाहब पेशवा के द्वारा होता था।

उस समय कोई तार व्यवस्था नहीं थी, कोई टेलीफोन नहीं था, कोई रेडियो स्टेशन नहीं था, कोई देश व्यापी समाचार पत्र-पत्रिका नहीं थी, कोई इंटरनेट/सोशल मीडिया नहीं था। उपर्युक्त चार माध्यमों से ही पूरे देश भर में सूचना हुई और सूचना तंत्र इतना सशक्त और गोपनीय था कि अंग्रेजों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

१८५७ की क्रांति के प्रमुख केंद्र - मेरठ, दिल्ली, कानपूर, लखनऊ, झाँसी, सतारा, अम्बाला, वर्तमान हरियाणा(पंजाब), बिठुर, बैरकपुर, अलीगढ, नसीराबाद, बरेली, बनारस, इलाहाबाद, ग्वालियर, इंदौर, कलकत्ता, गया, पटना, जगदीशपुर, कालपी, कोल्हापुर, नागपुर, जबलपुर, हैदराबाद, जोहरापुर, कोमलदुर्ग, सावंतवाडी, शंकरपुर, रायबरेली, फ़ैजाबाद, फरुखाबाद, संभलपुर, मथुरा, गढ़मंडला, रायपुर, मंदसौर, सागर, मालाबार आदि। ये कुछ प्रमुख स्थान है। इन्हें देखकर यह स्पष्ट होता है कि १८५७ की क्रांति देशव्यापी थी और सुनियोजित थी।

दिल्ली का सम्राट बहादुरशाह जफर एक महान कवि भी था। उनकी लिखी काव्य पंक्तियों में क्रांति की बातें स्पष्ट झलकती हैं। उन्होंने एक गजल की रचना की थी जिसमें स्वतः यह प्रश्न किया था -
“दमदमे में दम नहीं अब ख़ैर माँगो जान की।
ऐ ज़फर! ठंडी हुई शमशीर हिंदुस्तान की।”
उन्होंने इस प्रश्न का उत्तर भी इन शब्दों में दिया -
“ग़ज़ियों में बू रहेगी जब तलक ईमान की।
तख़्त ऐ लंदन तक चलेगी तेग हिंदुस्तान की।”
लंदन में १० मई १९०८ को १८५७ की क्रांति की वर्षगाँठ का आयोजन किया गया। इस अवसर के लिए सावरकर ने ‘ओ मार्टियर्स’ (ऐ शहीदों) शीर्षक से अंग्रेजी में चार पृष्ठ लम्बे पैम्पलेट की रचना की, जिसका इंडिया हॉउस कार्यक्रम में तथा यूरोप व भारत में बड़े पैमाने पर वितरण किया गया। इस पैम्पलेट की काव्यमयी ओजमयी भाषा १८५७ के शहीदों के माध्यम से भावी क्रांति का आह्वान थी।

सावरकर ने लिखा – “१० मई १८५७ को शुरू हुआ युद्ध १० मई १९०८ को समाप्त नहीं हुआ है, वह तब तक नहीं रुकेगा जब तक उस लक्ष्य को पूरा करने वाली कोई अगली १० मई आएगी। ओ महान शहीदों! अपने पुत्रों के इस पवित्र संघर्ष में अपनी प्रेरणादायी उपस्थिति से हमारी मदद करो। हमारे प्राणों में भी जादू का वह मन्त्र फूँक दो जिसने तुमको एकता के सूत्र में गूँथ दिया था।” इस पैम्पलेट के द्वारा सावरकर ने १८५७ की क्रांति को एक मामूली सिपाही विद्रोह से बाहर निकालकर एक सुनियोजित स्वातंत्र्य संग्राम के आसन पर प्रतिष्ठित कर दिया।
 
वास्तव में १८५७ की क्रांति न कोई सामान्य सिपाही विद्रोह था, न ही कोई तात्कालिक प्रतिक्रिया स्वरूप घटनाक्रम। भारत माता को स्वतंत्र करवाने के लिए हमारे पूर्वजों द्वारा एक सुनियोजित स्वातन्त्र्य संग्राम जिसके प्रतिसाद स्वरूप ९० वर्ष बाद १९४७ में हम स्वतंत्र हुए। बाद के ९० वर्षों में वीर सावरकर, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, सुभाष चन्द्र बोस सरीखे अनेकानेक भारतीय क्रांतिकारियों व स्वतंत्रता सेनानियों का प्रेरणा स्त्रोत बना १८५७ का स्वातंत्र्य समर। नमन है १८५७ के स्वातन्त्र्य समर के योजनाकारों और बलिदानियों को!

१ अगस्त २०२३

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।