मुखपृष्ठ

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार हिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP            पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org


कलम गहौं नहिं हाथ  


 

 

कबिरा तेरे रूप अनेक

अनेक बार ई मेल आते हैं- प्रश्न पूछते हुए कि इस स्तंभ का नाम 'कलम गही नहिं हाथ' क्यों है। कई बार सोचा कि इस विषय में कुछ लिखूँ फिर लगा कि यह एक बहुप्रचलित पंक्ति है और अधिकतर लोग जानते हैं कि इसे कबीर के दोहे 'मसि कागद तो छुऔं नहीं,' से लिया गया है, जिसका अर्थ है मैंने स्याही और कागज नहीं छुए न ही कलम हाथ में पकड़ी। अपने स्तंभ के लिए मुझे यह पंक्ति इस लिए पसंद आई थी क्यों कि मैं यह स्तंभ कलम से कागज पर लिखकर संपादन करने के बाद टाइप नहीं होता बल्कि नया पन्ना खोलकर मैं सीधा यहीं पर टाइप करती हूँ।

इस बार भारत यात्रा के समय 'आधी साखी कबीर की' के लेखक तथा कबीर साहित्य के विशेषज्ञ कमलापति पांडेय से मिलने का सौभाग्य हुआ तो तो चर्चा इस दोहे पर आकर टिकी। उन्होंने बताया कि यह पंक्ति दो तीन रूपों में अनेक स्थानों पर पाई जाती है- कहीं इसे 'कलम गही नहिं हाथ' लिखा गया है, कहीं 'कलम गह्यो नहिं हाथ' तो कहीं 'कलम गहूँ नहीं हाथ', लेकिन कबीरपंथियों के पास सहेजी गई प्राचीन प्रतिलिपियों में कलम गहौं नहिं हाथ को ही सही मानना उचित है। उन्हीं से इस दोहे की दूसरी पंक्ति और इसके विशिष्ट अर्थ का भी पता चला जो ढूँढने पर पहले कहीं नहीं मिले थे। दोहा इस प्रकार है-
मसि कागद छूऔं नहीं, कलम गहौं नहि हाथ
चारों जुग कै महातम कबिरा मुखहिं जनाई बात
श्री पांडेय के अनुसार इस पंक्ति को लेकर कबीर के पढ़े-लिखे न होने का जो विचार प्रचलित किया गया वह ठीक नहीं है। दोनों पंक्तियों को मिलाकर देखें तो इसका अर्थ होगा कि न तो मैं स्याही और कलम छूता हूँ, न हाथ में कलम पकड़ता हूँ, चारों युगों के महात्म्य की बातें मैं मौखिक ही बतला देता हूँ। इस स्तंभ के लिए शीर्षक का चुनाव करते समय पंक्ति के किस रूप को अपनाया जाय इस विषय में विशेषज्ञों से बात नहीं की थी। जो रूप वेब पर अधिक प्रचलित था उसे अपना लिया था।

कुल मिलाकर यह कि बहुमत सदा सही नहीं होता। वेब पर प्रकाशित पंक्तियाँ, जानकारियाँ, वर्तनियाँ और तथ्य गलत हो सकते हैं इसलिए उन्हें प्रयोग में लाने से पहले विशेषज्ञ की राय ले लेना आवश्यक है। आज से इस स्तंभ के शीर्षक में थोड़ा सा परिवर्तन कर रहे हैं। चारों जुग का महातम तो यहाँ नहीं है पर जो कुछ है वह बिना कलम हाथ में पकड़े लिखा गया है इसीलिए शीर्षक 'कलम गहौं नहिं' हाथ मन को सार्थक लगता है। आपको कैसा लगता है अवश्य बताइएगा।

पूर्णिमा वर्मन
१९ अक्तूबर २००९

अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP / पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।

 

hit counter