मुखपृष्ठ

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार हिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP            पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org


कलम गहौं नहिं हाथ  

 

 

 

 

कजरारी आँखों का रहस्य

कजरारी आँखों की दुनिया कायल है उस पर अरबी सुरमें में डूबी धुआँ धुआँ आँखों का जवाब नहीं उस पर भी आँखें अगर क्लियोपेट्रा की हों तो दुनिया जहान के साथ सौदर्य., स्वास्थ्य और फैशन की दुनिया के सारे वैज्ञानिकों का जीना हराम हो जाना स्वाभाविक ही है। हाल में हुई खोजों के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि वे  इन धुआँ धुआँ आँखों का 4000 साल पुराना राज खोलने में सफल हो गए हैं।

लंदन से मिले एक समाचार के अनुसार फ्रेंच शोध में पता चला है कि क्लियोपेट्रा की आँखों पर लगाए जाने वाले प्रसाधन केवल आँखों का सौंदर्य ही नहीं बढ़ाते थे बल्कि स्वास्थ्य भी दुरुस्त रखते थे। विशेषज्ञों का कहना है कि क्लियोपेट्रा की आँखों में लगाया जाने वाला कजरा आँखों को हर प्रकार के संक्रमण से बचाने की शक्ति देता था। एनालिकल केमेस्ट्री नामक एक पत्रिका का कहना है कि इस प्रसाधन में पाया जानेवाला लेड सॉल्ट आँखों के रोगों के विरुद्ध प्रतिरोधक का काम करता है। लूव्र के शोधार्थियों का विश्वास है कि अरबी आँखों का यह विन्यास शोभा के साथ साथ स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखता था। प्राथमिक स्तर पर लेड साल्ट से नाइट्रिक एसिड का जन्म होता है यह एसिड आँखों के उस प्रतिरोधक तंत्र को मजबूत बनाता है जो आक्रामक बैक्टीरिया से लड़ने का काम करता है। संक्षेप में यह कहा जा सकता है कि प्राचीम मिस्र के लोग इस प्रकार के लेड का निर्माण करते थे जो आँखों पर आक्रमण करने वाले रोगों के बैक्टीरिया के विरुद्ध प्रतिरोधक शक्ति का विकास करता था। ऐसा विश्वास भी किया जाता है कि लेड सल्फ़ाइट में पाए जाने वाले जिस गलीना नामक खनिज का प्रयोग भी आँखों के प्रसाधन में किया जाता था, वह रोगाणुरोधक तो था ही इसमें मक्खियों को दूर रखने की क्षमता थी और यह आँखों को धूप से सुरक्षित भी रखता था।

सोचती हूँ दीपावली की रात में, घी के दीपक में कपूर डालकर, हल्दी की गाँठों के बीच सूत की बाती के ऊपर चाँदी की कटोरी में पारे गए काजल में भी कुछ खास बातें रही होंगी जिन्हें हम आज बेवकूफ़ी समझकर त्याग चुके हैं। मन होता है कि इस विषय में लंदन, पेरिस और लूव्र से छपने वाले किसी भी वैज्ञानिक जरनल से पहले भारत में स्थित वैज्ञानिक संस्थाओं द्वारा प्रकाशित होने वाले किसी जरनल में यह बात प्रकाशित हो और उसी प्रकार दुनिया भर के समाचारों के मुखपृष्ठ का हिस्सा बने जैसे आज यह खबर बनी हुई है।

पूर्णिमा वर्मन
११ जनवरी २०१०
 

अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP / पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।

 

hit counter