मुखपृष्ठ

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP            पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org


टिकट संग्रह

डाक टिकटों के संसार में कचनार
पूर्णिमा वर्मन


२०
०२ में हांगकांग चाइना ओपन के अवसर पर जारी एक टिकट पर कचनार


डाक टिकटों की दुनिया को सबसे अधिक रिझाते है फूल। फूल किसे अच्छे नहीं लगते और किस अवसर पर काम नहीं आते? जन्म से मृत्यु तक फूलों का महत्व हमारे जीवन में बना ही रहता है। राजनीति शास्त्र में भी फूलों की अच्छी पैठ है तभी तो हर देश का एक राष्ट्रीय फूल होता है। कचनार को हांगकांग का राष्ट्रीय फूल होने का गौरव प्राप्त है। शायद वह एक ऐसा अकेला फूल है जो किसी देश के झंडे का हिस्सा है। शोभाकर फूलों वाले वृक्षों में कचनार को विभिन्न देशों के डाक टिकटों में महत्वपूर्ण स्थान मिला है पर सबसे ज्यादा कचनार की तस्वीरों वाले डाक टिकट हांगकांग के ही हैं।

२५ सितंबर १९८५ को जारी एक डाक-टिकट के साथ बिलकुल वैसा ही प्रथम दिवस आवरण जारी किया गया। प्रथम दिवस आवरण को दाहिनी ओर के चित्र पर क्लिक कर के देखा जा सकता है। १.७० हांगकांग डॉलर वाले इस टिकट पर चीनी और अंग्रेज़ी में बुहेनिया लिखा गया है। यह बुहेनिया की ब्लैकियाना प्रजाति का पुष्प है। यह एक संकरित प्रजाति है अर्थात इसमें बीज या फल नहीं होते जिसके कारण नगर की सजावट के लिए इसका प्रयोग बहुत सुविधाजनक हो जाता है। बीज या फल न होने के कारण फूलों का समय लंबा होता है साथ ही सफ़ाई की आवश्यकता बीज और फल वाले पेड़ों की अपेक्षा बहुत कम होती है।

१४ मार्च २००८ को हांगकांग पुष्प प्रदर्शनी के अवसर पर उद्घाटन समारोह में देश में बहुलता से पाए जाने वाले ६ फूलों वाली एक डाक टिकट शृंखला को जारी किया। फूलों के ये चित्र पारंपरिक चीनी शैली में हाथ से बनाए गए थे जबकि इनकी पृष्ठभूमि को कंप्यूटर से बनाया गया था। इन फूलों में एक स्थान बुहेनिया ब्लैकियाना यानी कचनार को भी दिया गया था और ये एक सुंदर प्रथम दिवस कवर के साथ जारी किए गए थे। इनका मूल्य १.४० हांगकांग डॉलर रखा गया था। संग्रहकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए इनके दो तीन प्रकाऱ के अलग अलग आकर्षक पैकिंग भी बनाए गए थे जिसमें स्मारिका पैक, मिनिएचर शीट और उपहार पैक भी शामिल थे। चित्र पर क्लिक करने से इस पूरी शृंखला को मिनियेचर शीट के साथ देखा जा सकता है।

टिकट इतिहास की अमूल्य धरोहर भी होते हैं। दाहिनी ओर दिखाए गए हांगकांग के टिकट पर ताज और महारानी एलिजबेथ की फ़ोटो हांगकांग पर ब्रिटिश अधिकार की याद दिला देते है। ६५ सेंट के इस टिकट में कचनार के स्केच के नीचे बुहेनिया ब्लैकियाना पढ़ा जा सकता है।

१९९७ में जब हांगकांग चीन को वापस किया गया तो उसकी याद में भी छे टिकटों के साथ एक प्रथम दिवस आवरण जारी किया गया। बाईं ओर दिया गया कचनार की फूलों वाला यह टिकट बड़े शीट पर नीचे की ओर बाएँ कोने में स्थित है। इस टिकट के साथ जारी किया गया पूरा सेट टिकट पर क्लिक कर के देखा जा सकता है।

२००७ में चीन के अधिकार में हांगकांग के १० वर्ष पूरे हुए। इस उपलक्ष्य में दसवीं जयंती के को मनाते हुए हांगकांग और चीन के प्रमुख चिह्नों और प्रतीकों को प्रदर्शित करने वाला यह टिकट जारी किया गया। यह टिकट हांगकांग और चीन ने एक साथ जारी किया था। इन पर लगाने जाने के लिए विशेष मोहरों का निर्माण भी किया गया था। चित्र में हांगकांग के लाल झंडे पर सफ़ेद कचनार का फूल देखा जा सकता है। १९ जून २००७ को जारी इस टिकट का मूल्य १.४० डॉलर था।

पृष्ठ- . .

आगे-

इस रचना पर अपनी प्रतिक्रिया लिखें - दूसरों की प्रतिक्रिया पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP / पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।