मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


ललित निबंध

कोई मुझे थोड़ा-सा समय दे दे
डॉ. महेश परिमल


देश के किसी भी शहर का दृश्य ले लो, हर कोई भागा जा रहा है। तेज़ी से भागा जा रहा है। आपाधापी मची है। किसी को इतनी फुरसत नहींे है कि थोड़ा रुककर साँस ले ली जाए। लोग ऐसे भाग रहे हैं, जैसे उनकी किस्मत ही भाग रही हो। यह तो तय है कि कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता। इसे सब जानते-समझते हैं। फिर भी लोग हैं कि भागे ही जा रहे हैं। विज्ञान भी प्रतिदिन तेज़ से तेज़ भागने वाले वाहनों का आविष्कार कर रहा है, फिर भी आदमी इससे भी तेज़ वाहन की तलाश में है। इस भागम-भाग में लोगों को यह भी याद नहीं रह जाता कि वे आखिर जा कहाँ रहे हैं।

आजकल किसी से मिलो, वह यही शिकायत करता मिलेगा कि उसके पास समय नहीं है। सच कहा जाए तो जो व्यक्ति यह कह रहा है, यह भी सुनने के लिए सामने वाले व्यक्ति के पास समय नहीं है। सचमुच आज समय किसी के पास नहीं है। पत्नी के लिए पति के पास समय नही है, पत्नी भी घर के काम में इतनी उलझ जाती है कि उसके पास भी पति के लिए समय नहीं है। पिता के पास भी अपने बच्चों के लिए समय नहीं है, बच्चों को होमवर्क से ही फुरसत नहीं कि वे खेलने के लिए समय निकाल सकें। टीचर के पास भी इतना समय नहीं है कि वह बच्चों को बता सके कि होमवर्क कैसे बेहतर कर सकें। बॉस के पास कभी जाओ, तो वे फोन या मोबाइल से इतने चिपके रहेंगे कि उनके पास सामने आए कर्मचारी की बात सुनने के लिए समय नहीं है। यदि कभी कर्मचारी से बात शुरू हो भी गई, तो पता चलता है कि उसे मालिक या चेयरमेन ने बुला लिया है। बात शुरू होने के पहले ही खत्म हो गई। यानी कहीं भी किसी को सुनने के लिए समय नहीं है।

इस तरह की शिकायत हर किसी को हर किसी से है। लोगों के पास सब-कुछ है, पर समय नहीं है। आखिर बात क्या है? लोगों के पास आखिर समय क्यों नहीं है? कोई बता सकता है। शायद किसी को यह बताने के लिए भी समय नहीं है, या फिर इस सवाल का जवाब ढूँढ़ने के लिए किसी के पास समय नहीं है। क्या आप जानते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है? अगर आपके पास कुछ मिनट हो, तो आओ इस पर विचार करें।

दरअसल देखा जाए तो हम सब में आधुनिकता समा गई है, हममें एक पूरा महानगर समा गया है। शायद यह बात आपके गले न उतरे, पर यह सच है कि हम सब शहरों के ग़ुलाम हो गए हैं। हम अपने साथ पूरा एक महानगर लेकर चल रहे हैं। जब तक यह आधुनिकता और यह महानगर हमारे भीतर है, हमारे पास समय नहीं है। अभी कुछ ही दिन पहले भाई-दूज था। मेरी पत्नीे अपने भाई को फोन से कह रही थी, भैया दिन को तो नहीं, पर शाम को घर आ जाना, यही से हम सब ढाबे चलेंगे, वहीं भोजन कर लेंगे।

मैंने अपना माथा पीट लिया। ये क्या हो रहा है? बहन अपने भाई को भोजन पर बुला रही है, अपने हाथ से खाना बनाना तो दूर, सीधे ढाबे ले जाकर खाना खिला रही है। विरोध करना तो मुश्किल था। मैं भी चला उनके साथ ढाबे। शहर से काफी दूर निकल आए हम सब। रास्ते में डूबता सूरज देखना मुझे ही नहीं, सबको अच्छा लगा। बच्चों के लिए तो यह सब अनोखा था। चटख लाल सूरज उन्होंने देखा तो था, पर इस तरह नहीं। वे खुश थे। एक बात विशेष रूप से यह थी कि यहाँ बिलकुल भी शोर न था। हम सब एक ढाबे में रुके, भोजन करते-करते वहाँ काफी वक्त निकल गया। इस बीच सबने वहाँ सुकून महसूस किया। एक तो हमारे साथ शहरी शोर न था, दूसरे हम बहुत दिन बाद एक साथ कहीं निकल पाए थे। हम सब बहुत दिनों बाद इस तरह मिल रहे थे। हमारे बीच कई गिले-शिकवे थे, जो उस दिन लंबी बातचीत में दूर हो गए। शहर से दूर जाकर हम सब काफी करीब आ गए थे।

लौटने के बाद मैंने महसूस किया कि आज क्या बात है, दिल इतना हलका क्यों लग रहा है? इतनी दूर जाकर आ जाने के बाद भी थकान नहीं है। सब कुछ सामान्य लग रहा था। कहाँ तो मैं परंपराओं से बँधकर पत्नी पर झुँझला रहा था और कहाँ अब ये राहत महसूस कर रहा हूँ। इसकी वजह केवल यही थी कि हम बहुत दिनों बाद साथ-साथ रहे। उस वक्त हमारे बीच न तो आधुनिकता थी और न ही एक पूरा महानगर। ढाबे पर जाकर भोजन करने को आप भले ही आधुनिकता कह लें, पर घर से बाहर जाने को आधुनिकता नहीं कह सकते।

उस दिन हम सबके पास समय था। हमारी छुट्टी थी। हमने शांत होकर दिन बिताने का उपाय ढूँढ़ा था। हमने परस्पर समय माँगा था, जो हमें मिला। हमें समय मिला, इसलिए हम करीब आए। हमने समय न माँगा होता, तो शायद हम करीब न आ पाए होते। उस दिन समय हम पर नहीं, हम समय पर हावी थे। बस यहीं हमने ढँूढ़ लिया, हमारे भीतर भागने वाले व्यक्ति को। हम तो भागना नहीं चाहते थे, हमारे भीतर पसरा हमारा महानगर, हमारी आधुनिकता हमें हमसे ही दूर कर रही थी।


जिस तरह हर शहर का एक भूगोल होता है, उसी तरह हर शहर का अपना एक मिजाज होता है, उसे भागने वाले लोग ही पसंद हैं। वह स्वयं भी रुकना नहीं चाहता। वह भी भागना चाहता है। उसे भी आधुनिक बनना है। जितना अधिक वह आधुनिक होगा, उतने ही उसे भागने वाले लोग मिलेंगे। भागना उसकी प्रवृत्ति है और भागते रहना उसकी विवशता। इसी विवशता में डूब जाता है इंसान। तब फिर कहाँ रह पाता है, पल दो पल के लिए भी कुछ सोचने विचारने का समय। बहुत समय देते हैं हम अपने इस शहर को। कभी भीतर के गाँव को भी समय दो। यह वही गाँव है, जहाँ की माटी ने हमें इतना मज़बूत बनाया कि आज हम शहर से टक्कर ले रहे हैं। वह गाँव जो कभी अपना था, आज हमारे ही भीतर कहीं दुबक गया है, वह गाँव महानगर के आधुनिकता में दब गया है। अब कहाँ वह अमरैया और कहाँ खेत-खलिहान। अब तो कंक्रीट के जंगल हैं और ऊँची-ऊँची गगनचुम्बी इमारतें। हमारा गाँव इसी में तो दबा है। आओ आज हम उसे बाहर निकालें, उस खुली हवा में लाएँ, उसे अपने भीतर महसूस करें। फिर देखो हम सबके पास समय ही समय होगा। एक ऐसा समय जिसमें रहकर हम अपने आप से तो बात कर ही सकेंगे।

१९ अप्रैल २००९

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।