मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


प्रौद्योगिकी

 

 

विश्वजाल पर ज्ञानकोश
विकिपीडिया :

-रविशंकर श्रीवास्तव

 

संभावनाओं की तलाश मनुष्य के लिए कभी खत्म नहीं होगी। कदाचित वह अनंत काल तक, प्रलय के कष्टकारी दिनों में भी अपने लिए अंतहीन संभावनाओं की तलाश करता फिरेगा। जालघर भी मनुष्य द्वारा अपने लिए ईजाद की गई ऐसी ही संभावनाओं का प्रतिफल है तथा जालघर की अनंत, असीम, अंतहीन संभावनाओं के क्रम में एक नाम विकिपीडिया भी है। आइए, आज विकिपीडिया के बारे में कुछ जानकारी लेते हैं जिसके ज़रिए हम समग्र विश्व के ज्ञान भंडार का उपयोग तो करते ही हैं, अपने ज्ञान को दूसरों के साथ बाँट भी सकते हैं।

विकिपीडिया : आरंभिक परिकल्पना
जालघरों की आरंभिक संरचना में सिर्फ़ यह सुविधा हासिल थी कि जाल पृष्ठों को पहले से लिख कर फिर सर्वर पर अपलोड़ कर दिया जाता था, जहाँ से वह आम उपयोग के लिए उपलब्ध होता था। जाल पृष्ठों में किसी बदलाव के लिए उनमें परिवर्तन कर फिर से सर्वर पर अपलोड़ किया जाता था। परंतु फिर कुछ ऐसे औज़ारों की आवश्यकता महसूस की गई जिसके द्वारा जालघर के पृष्ठ गतिमान रूप से, कहीं से भी, सर्वर पर ही संपादित किए जा सकें। इसी प्रकार की एक परिकल्पना को 'विकि' के रूप में वार्ड कनिंघम द्वारा मूर्त रूप किया गया जिससे जाल पृष्ठों के कुछ ख़ास हिस्सों को छोड़ कर बाकी सभी हिस्सों का जालघर के आम उपयोक्ताओं द्वारा कभी भी कहीं से भी संपादन, संशोधन एवं परिवर्धन किया जा सकता है। विकि तकनोलॉजी में उपलब्ध अपार संभावनाओं को देखते हुए जिमी वेल्स ने अपने कुछ साथियों के साथ विकिपीडिया को मूर्त रूप दिया गया, जिसके द्वारा बहुभाषी, बहूपयोगी वृहत विश्वकोश की रचना सतत की जानी है।

विकिपीडिया का इतिहास :
विकिपीडिया इंटरनेट आधारित मुक्त विश्वकोश है जिसे जीएनयू सॉफ़्टवेयर लाइसेंस के तहत जारी किया गया है। जनवरी 2001 में इसकी पहली सामग्री अंग्रेज़ी में लिखी गई और इसकी संरचना प्रामाणिक, उपयोगी, परिवर्तनशील तथा पुनर्वितरण के लिए मुक्त तथा बहुभाषी होने के कारण तेज़ी से लोकप्रिय होती चली गई। हिंदी विकिपीडिया जुलाई 2003 में उपलब्ध हुई और आज यह विश्व की प्राय: समस्त भाषाओं के लिए उपलब्ध है। यदि आपकी भाषा अवधी, मैथिली, बिहारी या मालवी इसमें नज़र नहीं आती है तो उस भाषा में आप शुरुआत कर सकते हैं।

वर्तमान में सामग्री अनुक्रमों के आधार पर हिंदी विकिपीडिया का स्थान 100 से अधिक लेखों की सूची वाले देश पर है। जबकि, जाहिर है, अंग्रेज़ी 3,47,184 से अधिक लेखों के साथ पहले स्थान पर है। विकिपीडिया पर आज मानविकी से लेकर विज्ञान और तकनोलॉजी तथा इतिहास से लेकर खगोलिकी तक प्राय: हर विषय पर पर्याप्त सामग्री उपलब्ध है, और नित्य, प्रतिपल नई सामग्रियों का समावेश होता है।

फिर, विकिपीडिया के भीतर ही इसकी शिशु शाखाएँ विस्तार पाने लगीं। जल्दी ही विक्शनरी (विकि-शब्दकोश), विकिबुक्स, विकिकोट, मेटा-विकि तथा विकिसोर्स प्रारंभ हो गए जिससे विकिपीडिया को नए आयाम उपलब्ध हो गए। विकिपीडिया से जुड़े लोग रोटेरियन की तर्ज़ पर विकिपीडियन कहलाने लगे। आज स्थिति यह है कि ब्रिटानिका एनसाइक्लोपीडिया के जालघर से कहीं अधिक यातायात विकिपीडिया के जालघर पर है।

विकिपीडिया में योगदान:
चूँकि विकिपीडिया एक मुक्त विश्वकोश है, अत: इसमें कोई भी अपने लेखों को शामिल कर सकता है। उदाहरण के तौर पर जहाँ आप रहते हैं, वहाँ कोई पुरातनकालीन ऐतिहासिक स्मारक है, तो आप उसके बारे में विकिपीडिया में छायाचित्रों सहित उपयुक्त, नवीन सामग्री डाल सकते हैं। और अगर आपको लगता है कि विकिपीडिया का कोई पूर्व उपलब्ध लेख ठीक नहीं है, तो वहाँ आप अपनी टिप्पणी दर्ज कर सकते हैं। यदि आपको लगता है कि विकिपीडिया के किसी लेख में आंशिक सुधार की आवश्यकता है तो आप वह भी कर सकते हैं। हालाँकि विकिपीडिया एक ऑनलाइन व्यवस्था है, जहाँ पर आप सीधे ही संपादन कर अपना हुनर आज़मा सकते हैं, परंतु अच्छा यह होगा कि आप अपने लंबे आलेखों को पहले किसी पाठक संपादक पर लिख लें, उसकी वर्तनी इत्यादि जाँच लें, फिर उसे विकिपीडिया पर नकल/चिपका कर अपना कार्य पूर्ण करें।

विकिपीडिया में अपने लेखों को सम्मिलित करने या लेखों का संपादन करने हेतु किसी विशेष, विस्तृत तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं है। जालघर उपयोग की सामान्य जानकारी से ही विकिपीडिया पर समस्त कार्य किए जा सकते हैं। इसकी एचटीएमएल जैसी भाषा में विकिपीडिया तथा जालघर की अन्य कड़ियों को जोड़ने-दर्शाने तथा शीर्षक/उप-शीर्षक देने इत्यादि के लिए, बहुत ही सरल उपाय दिए गए हैं, जिसे एकाध बार के उपयोग से आसानी से सीखा जा सकता है। किसी प्रकार की कठिनाई आने पर यहाँ से मदद भी ली जा सकती है, जहाँ आपको विकिपीडिया के उपयोग तथा उसमें अंशदान देने हेतु सरल, चरणबद्ध तरीके से समझाया गया है। विकिपीडिया पर सरलता पूर्वक कार्य करने हेतु प्राय: सभी भाषाओं में उनके अलग-अलग औज़ार मौजूद हैं। उदाहरण के लिए हिंदी लेखन हेतु भिन्न प्रकार के हिंदी कुंजीपट सहित ऑनलाइन पृष्ठ हैं जहाँ से हिंदी अक्षरों पर माउस क्लिक कर (यदि सामान्य यूनिकोड हिंदी प्रयोग में समस्या आती है) लेख तैयार किए जा सकते हैं।

विकिपीडिया के साथ प्राय: सबसे बड़ी समस्या यह आती है कि चूँकि इसके जाल पृष्ठ आम उपयोक्ताओं द्वारा संपादन योग्य है, अत: प्राय: भाषा की अशुद्धियाँ, अपूर्ण या ग़लत जानकारियों के शामिल हो जाने के पूर्ण अवसर होते हैं, अत: इस हेतु निगाह रखने में दिक़्क़तें आती हैं। उदाहरणार्थ, हिंदी विकिपीडिया में ही जगह-जगह मात्राओं की, वर्तनी की अशुद्धियाँ नज़र आती हैं। मगर, फिर भी, कुछ अपूर्णताओं के साथ भी हमें इस विश्वकोश की उपयोगिता को स्वीकारना ही होगा।

तो आइए, विश्व के सबसे बड़े (लंबाई, चौड़ाई तथा गहराई सम्मिलित) तथा विश्वसनीय विश्वकोश, विकिपीडिया को और भी समृद्ध बनाने में जुट जाएँ

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।