मुखपृष्ठ

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP            पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org


टिकट संग्रह

डाक टिकटों के संसार में अमलतास
पूर्णिमा वर्मन

 

1967 में जारी लाओस के एक टिकट पर अमलतास


डाक टिकटों की दुनिया का जादू बेमिसाल है। शायद ही कोई हो जो जीवन के किसी न किसी दौर पर इस तिलिस्म से होकर न गुज़रा हो। यह संसार ही ऐसा है जहाँ इतिहास है, भूगोल है, लोग हैं, फूल हैं, तितलियाँ हैं और भी न जाने क्या क्या है। जब इतना कुछ है तो अमलतास भी होना ही चाहिए। बस हमने खोज निकाले अमलतास से सजे दुनिया के कोने-कोने से आए 14 सुंदर डाक-टिकट, जिनमें रूप और रंग तो है ही, जानकारी का अनमोल ख़ज़ाना भी है। तो चलें खोलें कुछ रंगीन रहस्य और जानें उन कहानियों के बारे में जो छिपी हैं इनमें।

दाहिनी ओर दिया गया डाक-टिकट इंडोनेशिया का है। इंडोनेशिया विश्व का एकमात्र ऐसा देश है जिसमें 17,000 से अधिक द्वीप हैं।  यहाँ दिया गया डाक-टिकट 5 जनवरी 2004 को इंडोनेशिया के डाक एवं दूरसंचार विभाग द्वारा जारी किया गया था। यह आकार में 32  मि.मि. लंबा और 22 मि.मि. चौड़ा है। मूल्य है 1.5 इंडोनेशियन रुपया। इसे इंडोनेशिया के फूलों से संबंधित एक विशेष सेट में प्रकाशित किया गया था, जिसमें हर पृष्ठ पर 30 फूलों के 30 टिकट थे और हर टिकट पर इंडोनेशिया के 30 प्रांतों में से एक प्रांत का नाम लिखा गया था। इस टिकट में 'नूसा टैंगरा बरत' प्रांत का नाम अंकित है। मूल्य के बाईँ ओर 17/30  के अंक दिखाई देते हैं, ये दिखलाते हैं कि 30 टिकटों में यह 17वाँ टिकट है। बायीं ओर अंग्रेज़ी अक्षरों में अमलतास का वानस्पतिक नाम कैसिया फ़िस्टुला भी लिखा गया है।

दक्षिण एशिया में स्थित कंबोडिया एक ऐसा देश है जिसके भारत से घनिष्ठ ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। प्राचीन भारतीय ग्रंथों में इसका वर्णन कांबोज देश के नाम से मिलता है। गरम और नम जलवायु होने के कारण यह प्रदेश अमलतास वृक्षों के लिए बहुत उपयुक्त है। यही कारण है कि कंबोडिया के जन जीवन में अमलतास के वृक्ष को सम्मान प्राप्त है।

25 अगस्त 2004 को कंबोडिया द्वारा उनके राष्ट्रीय फूलों वाले पांच टिकटों का का एक सेट जारी किया गया। इन सुंदर बड़े टिकटों की लंबाई 45 मि.मि. और चौड़ाई 30 मि.मि. है। हर टिकट का मूल्य अलग है। चार टिकट खड़े और एक बेड़ा है। अमलतास के इस वर्तिकाकार टिकट का मूल्य 600 कंबोडियन रायल है। टिकट पर अंकित अमलतास का नाम, देश का नाम तथा प्रकाशन वर्ष को स्पष्ट पढ़ा जा सकता है।

दाहिनी ओर का टिकट सोलोमन द्बीपों का है। यह देश भी दक्षिण एशिया में पापुआ और गुयाना के पास प्रशांत महासागर में स्थित हैं और यहाँ की जलवायु कंबोडिया और इंडोनेशिया से काफ़ी मिलती जुलती है जिसके कारण यहाँ अमलतास के वृक्षों को पनपने का अच्छा अवसर मिलता है।
1987 में प्रकाशित 1 सेंट के इस टिकट पर बाएँ निचले कोने में कैसिया फ़िस्टुला लिखा है। बीच में अमलतास का चित्र है बाएँ ऊपरी कोने पर देश का नाम है और दाहिने ऊपरी कोने पर राजचिह्न अंकित है। इसको 17 टिकटों के के साथ जारी किया गया था जिसमें देश के सत्रह प्रमुख फूलों को प्रदर्शित किया गया था। नीले, पीले और हरे रंग के इस टिकट पर किसी फ़ोटो को नहीं बल्कि एक कलाकृति को प्रदर्शित किया गया है।

1डौंग मूल्य के इस वियतनामी टिकट पर हाथ से बनाए गए अमलतास के चित्र को प्रदर्शित किया गया है। सात टिकटों के इस सेट में वियतनाम के सात प्रमुख फूलों के चित्र हैं। वियतनाम दक्षिण एशिया में इंडोनेशियाई अंतरीप के पूर्व में सबसे पहला देश है। इसकी सीमाएँ चीन और कंबोडिया से जुड़ती हैं।

नीले रंग के किनारे के बीच सफ़ेद आयत में हरे पत्तों के ऊपर बने पीले फूलों के ऊपर लाल रंग देखकर इनके अमलतास न होने का संदेह होता है। लेकिन दाहिनी ओर ऊपरी कोने पर अमलतास का नाम देखकर संतुष्ट हुआ जा सकता है। लगता है इन फूलों के चित्रकार ने कुछ अधिक स्वतंत्रता ले ली या फिर वियतनाम की यह कोई भिन्न प्रजाति है। नीचे दाहिने कोने पर बू चिह्न लिखा हुआ है जो वियतनाम के एक प्रदेश का नाम है।

दूर दूर स्थित देशों के मध्य हम अपने पड़ोसी बांग्लादेश को कैसे भूल सकते हैं। बांग्ला देश ने भी अमलतास को अपने प्रमुख फूलों में स्थान दिया है। 1978 में जारी किए गए 6 टिकटों के एक सेट में अमलतास को भी स्थान दिया गया है। 1 टाका वाले इस टिकट में ऊपरी बाएँ कोने में बांग्लादेश बांग्ला में लिखा है और उसके ठीक नीचे सोनालु लिखा है। अमलतास को बांग्ला में सोनालु या सोनहली कहते है। इसके साथ प्रकाशित अन्य टिकटों में कमल, गुलमोहर और कदंब जैसे पारंपरिक फूलों को स्थान दिया गया है।

निकारागुआ मध्य अमेरिका का सबसे बड़ा देश है। यह अपने सुंदर समुद्री तटों नारियल के वृक्षों और समशीतोष्ण जलवायु के कारण सैलानियों में लोकप्रिय है। 24 जून 2004 को यहाँ के डाक विभाग ने फ़्लोरा डि निकारागुआ नाम से निकारागुआ के वृक्षों का 3 टिकटों का एक सेट जारी किया। जिसमें अमलतास को भी स्थान दिया गया है। 40 मि.मि. चौड़े और 30 मि.मि. ऊँचे इस टिकट का मूल्य 5 कोरडोबा है। इस सेट के अन्य टिकटों पर लाल फूलों वाले गुलमोहर और गुलाबी फूलों वाले तेबेबुआ वृक्षों के चित्र हैं। इनका मूल्य क्रमशः 6.50 कारडोबा तथा 3 कारडोबा है।

पृष्ठ- 1. 2.

आगे-

 

इस रचना पर अपनी प्रतिक्रिया लिखें - दूसरों की प्रतिक्रिया पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसारहिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP / पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।