''मैं गौरवान्वित हुआ। पर क्या मैं सचमुच इतना अच्छा बोला था, इतना अच्छा कि आपके जैसी तेजस्वी स्त्री, 'सॉरी,' कन्या को खुद चलकर आना पड़ा मुझे बधाई देने!''
''आप ज़रूर इतना ही अच्छा बोले होंगे, नहीं तो मैं इधर क्यों आती?'' एक मुसकराहट उसके अधरों पर थी,''आप कैसे आदमी हैं? जैसे कि आपको पता ही न हो कि आप कितना अच्छा बोले थे।''
''सचमुच पता नहीं है मिस नंदिता। बहुत ही भुलक्कड़ हूँ। पर क्या कहा था मैंने?''
''अगर यही मैं बता सकती, तो बधाई स्वीकार कर रही होती, दे न रही होती। पर वह क्या वाक्य था ---''व्हॉट ग्रैमर इज लैंगुएज वह क्या क़्या था?''
''हाँ हाँ, वह तो वह तो, ''नरेश चुटकी बजाते हुए कह रहा था, ''वर्ड्स आर टु थॉट व्हॉट, ग्रैमर इज टू लैंगुएज...'' (विचारों के लिए जो महत्व शब्दों का हैं, वही महत्व भाषा के लिए व्याकरण का है।) पर नंदिता जी यह उक्ति मेरी नहीं है, कहीं पढ़ी थी मैंने।''
''पढ़ी हुई ही सही, पर आपने इसका प्रयोग बहुत अच्छा किया। फिर आपकी तो आदत है कि किसी चीज़ का भी यश लेना नहीं चाहते। पंडया साहब कह रहे थे।''
''क्या कह रहे थे पंडया साहब?''

''यही कि नरेश बिलकुल अभिमानी नहीं है। हमारी कक्षा में कल की गोष्ठी के संदर्भ में बाते करते हुए आज ही उन्होंने कहा कि आपने कोई निबंध बहुत अच्छा लिखा था, किन्तु उसका भी यश आप लेने को तैयार न हुए।''
''मतलब?''
''मतलब आपने कोई बहुत 'ब्रिलियंट' बात लिखी थी। उसकी प्रशंसा होने पर आपने मुसकरा कर कहा था कि इसके लिए मुझे बहुत बुद्धिमान मानना गलत होगा, क्यों कि मैंने उसे कहीं पढ़ा था।
''मैंने तो केवल उसे उद्घृत कर दिया था और सच भी यही था, मिस नंदिता''
''मिस विस जाने दीजिए नरेश जी, सिर्फ़ नंदिता ही अच्छा लगता है।''
नरेश कुछ झुका। फिर मन में गुदगुदी महसूस करते हुए बोला, ''मैं झूठ नहीं कह रहा हूँ। मुझे मसखरी करने की आदत है। मैंने इमानदारी से लिखा था कि परीक्षक अगर ऐसा मानेगा कि ऐसा लिखनेवाला लड़का प्रतिभावान है, तो यह उसकी भूल होगी। अकसर ऐसा भी होता है कि जो चीज़ परीक्षक ने न पढ़ी हो, उसे विद्यार्थी पढ़ ले और उसे परीक्षा में लिख दे, तो परीक्षक उसे होशियार समझने लगता है।''
''होशियार है तो लगेगा भी।''

इस तरह से नरेश तथा नंदिता की मित्रता गाढ़ी होती गई, जो थोड़े ही दिनों में सारे कॉलेज की चर्चा का विषय बन गई। कालेज में नई आई नंदिता अपने रूप तथा लावण्य से सबके आकर्षण का केंद्र थी। नरेश अपनी चपलता और होशियारी के लिए सब का प्रिय था ही -- पर वह उस रूपवती सुंदरी का भी प्रिय हो जाए, यह किसी को भी पसन्द नहीं आया फिर भी सभी समझते थे कि यह स्वाभाविक ही है, क्यों कि नरेश जैसा प्रतिभाशाली था, वैसा ही धनवान भी था। बात-बात में वह लजाता हुआ कहता था कि बड़ौदा में उसके पिता की दो मिलें तथा चार मोटरें हैं। वहाँ तो बड़े राजसी ठाठ तथा लाड़-प्यार से रखा जाता है, पर उसकी इच्छा बंबई में ही पढ़ने की थी, इसलिए वह यहाँ चला आया है। मम्मी तो बहुत रोई थीं। पर पापा इरादे के बड़े पक्के हैं। बेटा अपने आप अपनी ज़िंदगी सँवार सके इसलिए न तो एक मोटर वहाँ से भेजते हैं और न मुझे यहाँ खरीदने देते हैं। वैसे चार में से दो तो बेकार पड़ी रहती है। एक का इस्तेमाल मम्मी करती है, एक पापा की सेवा में रहती है। जब कभी मैं वहाँ होता हूँ, तब तीसरी मोटर भी मुझे दे दी जाती है। और मम्मी अक्सर कहती है,''तू अकेला है इसलिए तेरे हिस्से में दो दो मोटरें हैं।''

नरेश और नंदिता जब भी मिलते उनकी बातचीत का विषय मुख्यत: विदेश होता। नंदिता कहती --''मेरे पिता जी काफी वर्ष विलायत में रहें हैं इसलिए मेरा बचपन करीब-करीब वहीं बीता है। पर मेरे पापा बड़े ही सनकी है। जब मैं दस साल की हुई, तब उन्होंने अपना वहाँ रहने का इरादा बदल दिया। तंबू उखाड़कर इधर आए। अब वह माथेपर त्रिपुंड आँकते हैं और गीता के श्लोक बोलते रहते हैं बड़े सनकी लगते हैं।''
इतना कहकर वह ज़ोर से खिलखिला पड़ती। तभी नरेश पूछ बैठा,''टेम्स नदी को कलकल बहते नहीं सुना है ना?''
''कैसे बहेगी बिचारी जब सारा शहर उसे घेरे हुए है।''
''तो फिर ऐसे कलकल नाद करते हुए हँसना कहाँ से सीखा, नंदिता? बचपन तो तुमने उसी के किनारे बिताया है न?''
''आप बड़े वैसे हैं!''
''पर तुम्हारी तरह नहीं। और मेरे पिता भी तुम्हारे पिता की तरह नहीं हैं। उनमें सनक तो बिलकुल ही नहीं। व्यापार उनका प्राण है। विलायत में भी धंधा ही करते रहे। पारंगत हो कर जब स्वदेश लौटे, तब यहाँ भी व्यापार ही किया और ईश्वर की कृपा से उन्हें सफलता भी खूब मिली।''
''ठीक--ठीक!'' नंदिता हँस पड़ी।

''दो मिलें तथा चार मोटर गाडियों की सफलता कोई खास सफलता नहीं कहलाती नरेश जी''
''पाँचवी भी आनेवाली है,'' नरेश ने गंभीरता से कहा, ''आज ही मम्मी का पत्र आया है। उन्होंने इस बात को गुप्त रखने को कहा है।''
''यह किसे मिलेगी?''
''किसे मिलनी चाहिए?''
''तुमको,'' नंदिता ताली बजाती उठ खड़ी हुई, ''आपको भी फ़ायदा हो गया। मुझे भी कभी उसमें लिफ्ट दोगे ना?''
''मैं क्या कहूँ,'' नरेश ने असमंजस में पड़ते हुए कहा। उसकी आवाज़ भी धीमी पड़ गई,''कि उसे किसी को दे सकूँ, इसीलिए मम्मी का 'स्क्रू' घुमाने की कोशिश कर रहा हूँ।''
''सचमुच!''

सामने रखी एक किताब की ओर संकेत करते हुए नंदिता ने नरेश से पूछा --
''तुम मार्क्स को पूरा कर चुके हो शायद। यह तो कोई दूसरी किताब लगती है?''
''यह फ्रायड की है, देखनी है?''
''भाड़ में जाय फ्रायड, मुझे तो उसका नाम भी पसंद नहीं।''
''तुम बहुत जल्दी ही ऊब जानेवाली जान पड़ती हो।''
''तो लाओ, देख लेती हूँ, इसमें क्या है?''
''नहीं, नहीं, रहने दो, मेरा फायड इतना गिरा हुआ नहीं है,'' नरेश ने हँसते हुए कहा।
और उस पुस्तक को उसने जरा परे खिसका दिया।

''देखूँ, तुम्हारा फ्रायड। उसमें क्या पढ़ने लायक है?'' कहकर उसने अचानक आगे बढ़कर पुस्तक उठा ली।
''अरे! यह तो लंदन की 'गाइड-बुक' है। फ्रायड कहाँ हैं?''
''अरे, यह आ गई? बदल गई होगी। शायद, पटेल है ना, काफी दिनों से पीछे पड़ा है, लंदन के बारे में जानने के लिए। इसीलिए उसे देने के लिए लाया हूँ। बेचारा फ्रायड तो मेरे कमरे में ही सो रहा होगा।''
''पर यह भी उन लोगों के लिए है जो लंदन से बिलकुल अनजान है।''
''पटेल तो अनजान ही है ना!''

पृष्ठ- . . .

आगे--