मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


फुलवारी देश देशांतर                                                (ललित कुमार के सहयोग से)

अर्जेन्टीना

अर्जेन्टीना दक्षिणी अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा देश है। इसकी राजधानी ब्यूनस आयर्स है जो देश का प्रमुख बंदरगाह भी है। कौरदोबा और रोज़ेरिओ आदि देश के दूसरे महानगर हैं। यहाँ की राजकीय भाषा स्पैनिश है और अधिकतर लोग रोमन कैथोलिक धर्म का पालन करने वाले हैं। मुद्रा का नाम अर्जेंटाइनी पेसो है। यहाँ पर स्थित इगुवाजु प्रपात दुनिया के सबसे बड़े जल प्रपातों में से एक है जिसकी ऊँचाई ८० मीटर और चौड़ाई २,७०० मीटर है। दक्षिण अमेरिका का सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखला एकॉन्कागुआ भी यहीं स्थित है जिसकी ऊंचाई ६,९६० मीटर है। इसकी पश्चिमी सीमा पर एँडीज़ पर्वतमाला है जहाँ कोंडोर नाम का दुर्लभ पक्षी पाया जाता है। गिद्ध प्रजाति के ये पक्षी आकार में बहुत बड़े होते हैं। दुनिया के सबसे पुराने डायनोसोर के कुछ जीवाश्म भी इस देश में पाए गए हैं। यहाँ की भूमि उपजाऊ है और प्रमुख पैदावार गेहूँ, मक्का, सोयाबीन, फल और चाय आदि हैं। फुटबॉल यहाँ का सबसे लोकप्रिय खेल है।

ब्राज़ील

ब्राज़ील दक्षिणी अमेरिका का सबसे बड़ा और विश्व का पाचवा सबसे बड़ा देश है। ब्राज़िलिया यहाँ की राजधानी है और रियो डि जेनेरियो सबसे बड़ा शहर है। यहाँ की राजकीय भाषा पुर्तगाली है पर अंग्रेज़ी, फ्रेंच और स्पेनिश भी बोली जाती है। यह विश्व का सबसे बड़ा रोमन कैथोलिक देश भी है। यहाँ की मुद्रा ब्राज़ीलियन रियाल है। खेलों में यह देश मोटर रेसिंग और फुटबॉल के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है, जहाँ पेले और रोनालडो जैसे विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी हुए हैं।ब्राज़ील औद्योगिक देश है पर प्राकृतिक संसाधनों की भी यहाँ कमी नहीं। सोना, प्लैटिनम और पेट्रोलियम यहाँ के प्रमुख खनिज हैं। साथ विश्व की सबसे बड़ी नदी अमेजॉन की उपजाऊ घाटी है जहाँ फल, फूल और अनाज की अच्छी पैदावार होती है। यह नदी विश्व के २० प्रतिशत मीठे पानी का स्रोत है।  

पेरू

पेरू दक्षिण अमरीका के पश्चिमी छोर पर स्थित है। इसकी राजधानी लीमा, प्रमुख नदी अमेजॉन और मुद्रा न्यूवो सोल है। यहाँ तीन तरह की जलवायु पाई जाती है- एँडीज़ में सर्द, तटवर्ती मैदानों में खुश्क-सुहानी और वर्षा वाले जंगलों में गर्म और उमस वाली। यह देश इंका नाम की प्राचीन सभ्यता के लिए भी जाना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इंका मूल रूप से भारतीय थे। पेरू की भाषा स्पेनिश और क्वेशुका हैं तथा ९० प्रतिशत लोग ईसाई धर्म का पालन करते हैं। प्रमुख उद्योग मछली और खनन हैं। यहाँ सभी प्रकार की धातुओं का प्रचुर खनिज भंडार है तथा अनाज, फल और कोको की खेती होती है। पर्यटन उद्योग भी यहाँ की आय का एक प्रमुख साधन है।


 १ अगस्त २००६

देश देशांतर - . . . . . . . .

 
1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।