|

अच्छी नींद के उपाय
जो शरीर को सर्वश्रेष्ठ विश्राम दें
(संकलित)
३-
सोने का समय निश्चित हो
अचानक आने वाली आपात स्थितियों, जैसे मेहमान घर में आने,
यात्राएँ करने या ऑफिस में देर रात तक काम करने से नींद के
समय बदलाव या बाधा आ सकती है, लेकिन अगर हर रात चैन की
नींद लेना चाहते हैं, तो सोने के लिये एक नियमित समय
सारिणी का पालन करने की पूरी कोशिश करनी चाहिए।
२०१० में स्लीप नामक पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन में,
शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि जिन प्रतिभागियों की
दिनचर्या स्थिर और नियमित थी, उन्हें सोने में कम समय लगा,
उनकी नींद की गुणवत्ता बेहतर हुई और वे अधिक प्रभावी ढँग
से सोए। इसलिये ध्यान दें एक अच्छी नींद की आदत स्थापित
करने का पहला कदम हर रात एक ही समय पर बिस्तर पर जाना है।
इसी बात को कुछ लोग इस
प्रकार कहते हैं कि हर दिन एक ही समय पर जागने से आपकी
नींद बेहतर हो सकती है। हर दिन यहाँ तक कि सप्ताहांत में
भी, एक ही समय पर सोना और जागना, सोने-जागने के चक्र को
मजबूत करता है जिससे नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है।
अधिकांश वयस्कों को रात में कम से कम सात घंटे की नींद की
आवश्यकता होती है। यदि आपको पर्याप्त नींद लेने में
परेशानी होती है—चाहे अनिद्रा के कारण हो या हर दिन बहुत
अधिक काम निपटाने की कोशिश के कारण—तो एक नियमित नींद का
समय मददगार हो सकता है।
|